खड़गपुर से जितेश बोरकर की रिपोर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर अब दक्षिण बंगाल के साथ-साथ झारग्राम जिले में भी दिखने लगा है. गुरुवार सुबह से ही झारग्राम के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश शुरू हो गयी. पूरे इलाके में आसमान बादलों से ढका रहा और मौसम अचानक बदल गया. दोपहर में जिले के संकराइल ब्लॉक के चुनपाड़ा, प्रतापपुर और तुंगाधुआ इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब तेज झोंकों के बीच जमीन के पास टॉर्नेडो (बवंडर) जैसा नजारा दिखा.
शक्तिशाली बवंडर से लोगों की चिंता बढ़ी
अचानक बने इस शक्तिशाली बवंडर जैसे दृश्य को देख स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गयी. स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज रफ्तार से घूमता यह बवंडर खाली इलाके से होकर आगे बढ़ा. कुछ समय तक इलाके में तेज हवाओं का असर देखा गया. राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, इस दौरान कुछ पुराने पेड़ टूटकर गिर पड़े. प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया है कि अभी तक किसी मकान के क्षतिग्रस्त होने की सूचना नहीं है.
ये भी पढ़ें: मौसम विभाग का अलर्ट : दक्षिण बंगाल पर भारी 48 घंटे, 7 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने कहा- और बिगड़ सकता है मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव कुछ घंटों के बाद और मजबूत होकर गहरे निम्न दबाव में बदल सकता है. इसके प्रभाव से झारग्राम समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका जतायी गयी है.

प्रशासन की अपील – खराब मौसम में सावधानी बरतें
संकराइल में अचानक बवंडर, जिसे स्थानीय भाषा में घुमरी कहते हैं, दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गयी है. प्रशासन भी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में 15 दिन आफत की बारिश! जानें कहां होगी सबसे ज्यादा वर्षा और कैसा रहेगा मौसम
The post झारग्राम के संकराइल में दिखा बवंडर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट appeared first on Prabhat Khabar.

