रविवार को जिलेभर में बैंक, एटीएम, एलआईसी समेत वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की एक साथ जांच हुई। एसडीपीओ, डीएसपी और थाना प्रभारियों ने सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड समेत अन्य इंतजामों को परखा। मिली कमियों को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। बताते चलें कि हाल में जमशेदपुर के गोलमुरी में केनरा बैंक में भीषण डकैती की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया है। सेक्टर-4 का सिटी सेंटर जिले के प्रमुख वित्तीय केंद्रों में है, जहां एक दर्जन से अधिक बैंक हैं और बड़ी संख्या में एटीएम हैं। ऐसे में पुलिस ने यहां सुरक्षा इंतजामों की खास तौर पर पड़ताल की। संस्थानों में थाना प्रभारी, कंट्रोल रूम, फायर ब्रिगेड और डायल-112 के नंबर प्रदर्शित करने को कहा गया।
