रांची| सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला की रहनेवाली 14 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। इस मामले में छात्रा के पिता ने सुखदेवनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में उन्होंने बेटी के अपहरण की आशंका जताई है। शिकायत के अनुसार, आठवीं कक्षा में पढ़नेवाली छात्रा 9 जून की शाम करीब 5 बजे ट्यूशन जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को कोई बहला-फुसलाकर ले गया है। इधर, सुखदेव नगर थानेदार सुनील कुशवाहा ने बताया कि अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। गाड़ीखाना चौक के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे में छात्रा दिखी है। अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

