![]()
पटना में 19 अप्रैल को अलंकार ज्वेलर्स में रविवार दोपहर करीब 20 लाख रुपए की डकैती हो गई थी। बाइक सवार 5 बदमाश श्रीलक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे थे। करीब 5 मिनट में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात के बाद बदमाश फुलवारी शरीफ के आसपास पहुंचे थे। जहां उन्होंने सोने-जांदी के गहने आपस में बांट लिए थे। डकैती के वक्त जो कपड़े पहने थे, उसे पुलिस ने बरामद किया है। हुलिया से अनुमान लगाया जा रहा है कि डकैत स्मैकीयर हैं। फिलहाल इनपुट के आधार पर पुलिस पटना पश्चिमी इलाके के अलग-अलग जगह पर रेड कर रही है। वारदात रामकृष्ण नगर इलाके के पुरानी गैस गोदाम गली में हुई थी। जोनल आईजी ने वारदात स्थल का जायजा लिया मामले में पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने कहा है कि सदर SDPO-2 के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है। बहुत जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सोमवार को पटना जोनल आईजी जितेंद्र राणा भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने वारदात स्थल का जायजा लिया था। मामली में वे खुद अब मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं। काले टीशर्ट, हेलमेट में पहुंचे अपराधी घटना रविवार दोपहर करीब 2:45 बजे की है। CCTV में दिख रहा है कि एक महिला अपनी बेटी के साथ दुकान में खरीदारी कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार 5 अपराधी वहां पहुंचे। अंदर घुसते ही हथियार निकालकर लूटपाट शुरू कर दी। पास में बैठी महिला और उसकी बेटी ने डर के मारे भागने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने बंदूक दिखाकर उन्हें वहीं बैठा दिया। दुकानदार ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसे थप्पड़ मार दिया और फिर सभी गहने समेटने लगे। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि दुकानदार इशारों से बाहर खड़े लोगों को मदद के लिए बुलाने की कोशिश कर रहा था। बदमाशों 3 किलो चांदी के गहने ले गए पीड़ित दुकानदार धनजय कुमार ने बताया, “मैं दुकान में था और तीन ग्राहक खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच बदमाश पहुंचे। उनमें से दो बाहर ही खड़े रहे, जबकि तीन अंदर आ गए। दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार निकाल लिए और हम सभी को बंधक बनाकर एक कोने में बैठा दिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने पिस्टल के बट से मेरे सिर पर वार किया, जिससे मेरे सिर से खून निकलने लगा। अपराधियों ने करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण और 3 किलो चांदी के गहने लूट लिए, जिनकी कीमत 20 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। वारदात के बाद सभी बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।”

