![]()
पूर्णिया जिले से सटे कोढ़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया चौक पर शनिवार को भीषण सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा निवासी 55 वर्षीय बोधू सिंह के रूप में हुई है। मृतक के बेटे गौतम कुमार ने बताया कि उनके पिता भागलपुर जाने के लिए फुलवरिया चौक पर बस रुकवा रहे थे। बस नहीं रुकी और उसके पीछे से आ रही एक डाक पार्सल गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोधू सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बोधू सिंह को तत्काल पूर्णिया के बिहार टॉकीज रोड स्थित एक निजी अस्पताल में डॉ. राकेश कुमार के पास भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें पूर्णिया के जीएमसीएच (जनरल मेडिकल कॉलेज अस्पताल) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कोढ़ा थाना प्रभारी पंकज आनंद ने फोन पर घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि फुलवरिया चौक पर डाक पार्सल गाड़ी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत जीएमसीएच, पूर्णिया में इलाज के दौरान हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर थाने ले आई है। पोस्टमार्टम के बाद पीड़ित पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
