बोकारो | बोकारो जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन का कार्य निर्धारित समय से एक दिन पहले लगभग पूरा कर लिया गया। मंगलवार देर शाम जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने वीडियो संवाद के माध्यम से जिले के सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के साथ कार्य की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान 34 गोमिया, 35 बेरमो और 37 चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्रों में 100 प्रतिशत डिजिटलाइजेशन कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई, जबकि 36 बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 99.66 प्रतिशत कार्य संपन्न हो चुका है। इस उपलब्धि पर डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। कहा कि एसआईआर-2026 के कार्य की समय-सीमा पूरी होने में अब केवल एक दिन शेष है। ऐसे में सभी ईआरओ एवं एईआरओ अंतिम बार पूरे डेटा का सावधानीपूर्वक सत्यापन सुनिश्चित करें।

