Sunday, May 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

डेढ़ माह से भटका युवक परिवार से मिला:पुलिस की पहल; मानसिक रूप से बीमार,मधुबनी से था गायब


शेखपुरा पुलिस ने मधुबनी से भटके एक युवक को डेढ़ माह बाद उसके परिवार से मिलाया है। 25 वर्षीय अखिलेश पूर्वे, जो मानसिक रूप से बीमार था, अपने घर से लापता हो गया था और भटकते हुए शेखपुरा पहुंच गया था। कोरमा थाना अध्यक्ष मुरारी कुमार ने बताया कि अखिलेश पूर्वे मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के भेंडवा गांव निवासी सुबोध पूर्वे का पुत्र है। वह लगभग डेढ़ माह पहले मानसिक बीमारी के कारण घर से अचानक गायब हो गया था। परिवार के लोग उसकी गुमशुदगी से काफी परेशान थे। युवक भटकते हुए शेखपुरा जिले के घाट कुसुंभा प्रखंड के सुजाबलपुर गांव पहुंचा। गांव की गलियों में उसे संदिग्ध अवस्था में घूमते देख ग्रामीणों को आशंका हुई। गुरुवार को ग्रामीणों ने युवक को रोककर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर कोरमा थाना पुलिस को सौंप दिया। थाना अध्यक्ष मुरारी कुमार ने बताया कि काफी खोजबीन के बाद युवक के ठौर-ठिकाने का पता चला। पुलिस ने मधुबनी में रह रहे उसके परिवार से मोबाइल पर संपर्क किया। अपने खोए बेटे के मिलने की खबर सुनकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शनिवार को युवक के पिता शेखपुरा थाना पहुंचे। स्थानीय थाना पुलिस ने रविवार को अखिलेश पूर्वे को उसके पिता के हवाले कर दिया। इस दौरान सभी पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें विदा किया। पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles