Thursday, May 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

डोरंडा शराब दुकान में मारपीट, तोड़फोड़; लूट का आरोप:रंगदारी मांगने की शिकायत, गिरिडीह पुलिस ने किया एक आरोपी को गिरफ्तार


गिरिडीह जिले के घोडथम्बा ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोरंडा स्थित एक विदेशी शराब दुकान में मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट का मामला सामने आया है। दुकान में कार्यरत पवन कुमार राय ने घोडथम्बा ओपी में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित पवन कुमार राय ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 5 मई 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे सुधीर पांडेय, पप्पू शर्मा, रंजीत सिंह और मंटू राम जबरन दुकान का गेट खोलकर अंदर घुस गए। आरोप है कि ये युवक हथियार से लैस थे और काउंटर के अंदर घुसकर गाली-गलौज करते हुए पवन कुमार राय पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई। आरोपियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और विदेशी शराब की कई बोतलें फोड़ दीं। साथ ही, काउंटर में रखे करीब 1 लाख 71 हजार 700 रुपये नकद भी निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने हर महीने एक पेटी शराब और पांच हजार रुपये रंगदारी की मांग की। मांग पूरी न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है। वहीं, मामले में आरोपी मंटू राम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि शराब दुकान संचालक निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूल रहा था, जिसका विरोध करने पर विवाद और हाथापाई हुई। उन्होंने लूटपाट के आरोप से इनकार करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इधर, घोडथम्बा ओपी प्रभारी धर्मेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में घोषणाडीह टोला, तेतरयाटांड़ निवासी सुधीर पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles