![]()
तिरुलडीह थाना क्षेत्र के चर्चित एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी कांड का चांडिल पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 64 एलपीजी गैस सिलेंडर, घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक बाइक तथा दो मोबाइल बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल शिव प्रकाश ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 27 जुलाई को तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सापादा स्थित ‘सारथी इंडेन ग्रामीण वितरक’ के गैस गोदाम से चोरों ने 56 एलपीजी गैस सिलेंडर की चोरी कर ली थी। इस संबंध में गोदाम संचालिका संध्या देवी की शिकायत पर तिरुलडीह थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण एवं मानवीय सूचना के आधार पर जुगसलाई निवासी सदाब आलम उर्फ बटर (26), सोनारी निवासी बाबू गोराई (29) तथा मानगो निवासी मनीष कुमार श्रीवास्तव (35) को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर मानगो के टेक रोड एवं दाईगुट्टू क्षेत्र से चोरी के कुल 64 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग का पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, एक स्मार्टफोन तथा एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी कौशल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कार्तिकेय सिंह, सहायक अवर निरीक्षक हरदेव पासवान एवं बिरोलाल मुर्मू, हवलदार दिलीप लोहरा, पिथो मुर्मू तथा आरक्षी रमेश मेलगांडी और प्रशांत कुमार दत्त शामिल थे। पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है।

