![]()
दरभंगा शहर के लहेरियासराय थाना क्षेत्र स्थित जीएन गंज में पंजाब नेशनल बैंक के सामने संचालित एक स्पा सेंटर में पुलिस ने छापेमारी की है। यहां देह व्यापार के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यहां से 6 लोग अरेस्ट हुए है। डीएसपी उदय शंकर ने बताया है कि यहां ग्राहक फोन में फोटो देख कर लड़की को पसंद करते थे। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियां, स्पा सेंटर के संचालक की पत्नी, एक ग्राहक और स्पा सेंटर का मैनेजर सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार चारों महिलाओं को पुलिस की निगरानी में वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है, जबकि फरार संचालक की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। क्राइम ब्रांच के डीएसपी उदय शंकर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक ग्राहक और एक युवती को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। मौके से पुलिस ने जांच से संबंधित कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार युवतियां दिल्ली, गुजरात सहित अन्य राज्यों की रहने वाली हैं। पुलिस के अनुसार उन्हें शहर के विभिन्न होटलों में ठहराया जाता था और ग्राहक मिलने पर स्पा सेंटर बुलाया जाता था। पसंद आने के बाद बुलाया जाता था स्पा सेंटर जांच के दौरान पुलिस ने मैनेजर और एक युवती के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें कई अन्य युवतियों की तस्वीरें मिलीं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि ग्राहकों को पहले मोबाइल फोन पर युवतियों की तस्वीरें दिखाई जाती थीं। पसंद आने के बाद उन्हें स्पा सेंटर बुलाया जाता था। पुलिस के मुताबिक संबंधित स्पा सेंटर करीब तीन महीने पहले ही शुरू हुआ था। हालांकि, छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर का संचालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक सबूत और नमूने इकट्ठे किए हैं। एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े थे और क्या इसका संबंध अन्य शहरों या राज्यों से भी था। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

