![]()
दरभंगा में एक महिला की हत्या कर दी गई। अपराधियों ने घर में घुसकर चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान सहसराम गांव निवासी चमेली देवी(50) के रूप में हुई है। घर में अकेली रहती थी। पति रामनरेश चौधरी और उनके दोनों बेटे मनजीत चौधरी, माधव चौधरी रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। घटना बिरौल थाना क्षेत्र के सहसराम गांव की है। घर में लूट की आशंका जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को गांव स्थित बैंक से महिला ने रुपए निकाले थे। आशंका है कि लूट के इरादे से देर रात घर में अपराधी घुसे थे, विरोध करने पर हत्या कर दी गई। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है, जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ग्रामीण भी कुछ बोलने से परहेज कर रहे हैं, दिल्ली से पति और बेटों के आने का इंतजार है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य मर्डर की सूचना पर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, थानाध्यक्ष चंद्रमणि दलवाल, अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पीएसआई शैलेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सरफराज समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। साक्ष्य जुटाने के लिए जिला मुख्यालय से फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों और आसपास की परिस्थितियों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। बैंक से निकाले रुपए लूटने की आशंका वहीं, इस संबंध में एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि महिला ने घटना वाले दिन बैंक से कुछ रुपए निकाले थे। आशंका है कि रुपए लूटने के इरादे से अपराधी रात में घर में घुसे थे। विरोध करने या पहचान लेने के कारण महिला की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
दरभंगा में घर में घुसकर महिला की चाकू गोदकर हत्या:बैंक से निकाले रुपए लूटने की आशंका, अकेली रहती थी; पति और बेटे दिल्ली में रहते हैं
