Friday, September 4, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

दरभंगा में जन्माष्टमी पर पूजा पंडाल तैयार:शहर और गांवों में मेले का आयोजन, 332 स्थानों पर दंडाधिकारी की है तैनाती


दरभंगा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्साह है। शहर के नाका नंबर-6 समेत विभिन्न स्थानों पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किए गए हैं। केवटी प्रखंड के रनवे, दड़िमा चौक, खिरमा और पोस्तापुर में तीन दिवसीय मेले की शुरुआत के साथ कृष्ण जन्मोत्सव की रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। इधर, भीड़ और विधि-व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के संयुक्त आदेश के तहत जिले में 332 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बना इस साल जन्माष्टमी का 4-5 सितंबर को मनाया जा रहा है। प्रतिनियुक्त अधिकारियों और जवानों को 4 सितंबर से ही अपने-अपने स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। वरीय पदाधिकारी की अनुमति के बाद ही उन्हें प्रतिनियुक्त स्थल छोड़ने की अनुमति होगी।
विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के लिए दरभंगा समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 4 और 5 सितंबर तक कार्यरत रहेगा। इसका वरीय प्रभार उप विकास आयुक्त स्वप्निल को दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना या सूचना की स्थिति में नियंत्रण कक्ष संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर त्वरित कार्रवाई करेगा।
पंडालों में आकर्षक सजावट, देर रात तक चलेगा जन्मोत्सव
शहर के नाका नंबर-6 के समीप नवयुवक जन्माष्टमी पूजा को लेकर विशेष तैयारी की गई है। पूजा पंडाल को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। आयोजकों के अनुसार पिछले करीब 5 वर्षों से यहां लगातार जन्माष्टमी पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पूजा आयोजित की जा रही है। शहर के अन्य हिस्सों में भी जगह-जगह भव्य पंडाल बनाए गए हैं। शाम होते ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधि-विधान से मनाया जाएगा। रनवे-दड़िमा में तीन दिवसीय मेले की शुरुआत
केवटी प्रखंड में जन्माष्टमी को लेकर विशेष उत्साह है। रनवे, दड़िमा चौक, खिरमा और पोस्तापुर में तीन दिवसीय मेले की शुरुआत हुई है। दरभंगा-केवटी-जयनगर पथ एनएच-527बी के किनारे रनवे और दड़िमा चौक पर आयोजित कृष्ण पूजा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
पूजा स्थलों पर नंद-यशोदा, राधा-कृष्ण, सुदामा, शंकर-पार्वती, देवकी-वासुदेव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। संध्या से ही व्रती महिलाओं और किशोरियों की भीड़ पूजा स्थलों पर पहुंच रही है। रात्रि जागरण के दौरान मंगल गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा है।
मेले में मीना बाजार, झूले, खिलौने, मिठाई और खान-पान की दुकानें सज गई हैं। बच्चों और महिलाओं की भीड़ मेले में उमड़ रही है। दड़िमा गांव में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर छठी तक विशेष पूजा-अर्चना होगी।
20 सीसीटीवी से होगी निगरानी, 25-30 वॉलेंटियर रहेंगे तैनात
रनवे कृष्ण पूजा समिति के अध्यक्ष मुकेश लाल और सचिव चंदन गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि जन्मोत्सव के बाद तीनों दिन सुबह पूजा और शाम को सामूहिक आरती होगी। 6 सितंबर की रात दही-मंगल कार्यक्रम होगा। इसके बाद देर रात करीब 12:30 बजे प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। मेले के दौरान रात्रि जागरण, डांडिया और मैथिली कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर करीब 20 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। निगरानी के लिए 25 से 30 ग्रामीण वॉलेंटियर भी तैनात रहेंगे। मोबाइल और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर नजर रखने के साथ नशे की हालत में पहुंचने वालों की भी निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की व्यवस्था रहेगी।
विसर्जन तक शहर में यातायात पुलिस की तैनाती
जन्माष्टमी के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती रहेगी। मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने तक यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। यातायात प्रभारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर यातायात और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते रहेंगे।
अग्निशमन की एक यूनिट नियंत्रण कक्ष में रहेगी
पर्व के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। 4 और 5 सितंबर को आवश्यक संसाधनों से लैस अग्निशमन की एक यूनिट जिला नियंत्रण कक्ष में तैनात रहेगी। जिले के सभी अग्निशमन वाहनों को भी पूरी तैयारी के साथ संबंधित अनुमंडल मुख्यालय में एसडीपीओ को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles