![]()
दरभंगा के अधिकांश जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों पर पिछले करीब एक सप्ताह से ई-पॉस मशीन में नेटवर्क की समस्या के कारण राशन वितरण व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। नेटवर्क नहीं रहने के कारण उपभोक्ताओं को राशन लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई लाभुकों को तीन से चार घंटे तक दुकान पर बैठने के बाद भी ई-पॉस मशीन में फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन नहीं हो पाने के कारण बिना राशन लिए ही वापस लौटना पड़ रहा है। इससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ जन वितरण प्रणाली के विक्रेता भी परेशान हैं। राशन लेने पहुंचे लोगों का कहना है कि पहले दुकान पर पहुंचने के कुछ ही देर बाद ई-पॉस मशीन में फिंगर लगाकर प्रक्रिया पूरी हो जाती थी और वे राशन लेकर अपने दूसरे काम के लिए चले जाते थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से नेटवर्क की समस्या के कारण पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सुबह से दुकान पर पहुंचने के बाद भी उन्हें अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ता है। नेटवर्क आता भी है तो कुछ कार्डों पर ही काम होने के बाद फिर से कनेक्टिविटी चली जाती है। खासकर खेती-किसानी और मजदूरी से जुड़े लोगों के लिए यह समस्या परेशानी का कारण बन गई है। महिलाओं और बुजुर्गों को भी घंटों लाइन में खड़े रहने या दुकान पर बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि इन दिनों धनरोपनी का समय चल रहा है। ऐसे में राशन लेने के लिए पूरा दिन दुकान पर निकल जाने से उनका रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा है। तीन-चार घंटे इंतजार, फिर भी नहीं मिला राशन पीडीएस दुकानों पर मौजूद राम सखी देवी, सीमा देवी, मनोज झा, मुकुल कुमार,सुभाष कंठ, सीता समेत अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले राशन लेने में ज्यादा समय नहीं लगता था। दुकान पर पहुंचने के बाद फिंगर लगाते ही राशन मिल जाता था। लेकिन अभी नेटवर्क की समस्या के कारण घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि धनरोपनी का समय चल रहा है। खेत में काम छोड़कर राशन लेने दुकान पर आते हैं, लेकिन तीन-चार घंटे बैठने के बाद भी कई बार ई-पॉस मशीन काम नहीं करती। ऐसी स्थिति में डीलर भी बाद में घर लौट जाने की बात कहते हैं। उपभोक्ताओं ने सरकार से ई-पॉस मशीन की नेटवर्क व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि उन्हें समय पर राशन मिल सके और रोजमर्रा के काम प्रभावित नहीं हों। डीलर भी परेशान, उपभोक्ताओं के गुस्से का करना पड़ रहा सामना पीडीएस विक्रेताओं का कहना है कि नेटवर्क की समस्या के कारण वे भी परेशान हैं। डीलर अजय कुमार कर्ण ने बताया कि करीब एक सप्ताह से समस्या बनी हुई है। उपभोक्ता राशन लेने दुकान पर पहुंचते हैं और घंटों इंतजार करते हैं। नेटवर्क नहीं आने पर उनका काम नहीं हो पाता। इसके बाद उपभोक्ता नाराज होकर डीलरों से ही विवाद करने लगते हैं। उन्होंने बताया कि कई बार नेटवर्क अचानक अच्छा आता है और जल्दबाजी में 8-10 कार्डों का काम हो पाता है। इसके बाद दोबारा नेटवर्क चला जाता है। ऐसी स्थिति में न तो फिंगरप्रिंट काम करता है और न ही आईरिस स्कैन हो पाता है। उपभोक्ता घंटों इंतजार करते रहते हैं और अंत में निराश होकर लौट जाते हैं। डीलर अजय कुमार कर्ण ने बताया कि नेटवर्क की समस्या की जानकारी विभागीय अधिकारियों को भी दी गई है। उनकी दुकान पर भी सूचना चस्पा कर दी गई है कि नेटवर्क की समस्या के कारण राशन वितरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या सिर्फ उनके क्षेत्र की नहीं, बल्कि सभी जनवितरण की दुकानों पर ऐसी परेशानी सामने आ रही है। विक्रेताओं को उपभोक्ताओं के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। लोग गुस्से में डीलरों से बहस करते हैं और कई बार गाली-गलौज तक की स्थिति बन जाती है। हालांकि डीलरों का कहना है कि वे उपभोक्ताओं की परेशानी समझते हैं, लेकिन तकनीकी समस्या उनके नियंत्रण से बाहर है। राशन कार्ड से नाम कटने को लेकर भी बढ़ी परेशानी डीलर ने बताया कि नेटवर्क की समस्या के अलावा राशन कार्ड से कुछ लोगों के नाम कटने के कारण भी उपभोक्ताओं की नाराजगी उन्हें झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से निर्धारित पात्रता के आधार पर कुछ ऐसे लोगों के नाम राशन कार्ड से हटाए गए हैं, जो आयकर के दायरे में आते हैं, जिनके पास चार पहिया वाहन है या जो व्यवसाय करते हैं और जीएसटी रिटर्न दाखिल करते हैं। डीलर के अनुसार, ऐसे उपभोक्ता भी नाम हटने के बाद पीडीएस दुकान पर पहुंचकर डीलर से सवाल-जवाब करते हैं और उन्हें ही नाम कटवाने के लिए जिम्मेदार मानते हैं। जबकि डीलरों का कहना है कि राशन कार्ड से नाम हटाने की प्रक्रिया उनके स्तर से नहीं की जाती है। 17 हजार नए राशन कार्ड बनाए जाने हैं इस मामले में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि जिले में नेटवर्क को लेकर कुछ तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई है। प्रशासन की ओर से इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि दरभंगा जिले में करीब 17 हजार नए राशन कार्ड बनाए जाने हैं। इसके लिए ई-केवाईसी आवश्यक है। ई-केवाईसी की प्रक्रिया में भी नेटवर्क की समस्या के कारण परेशानी सामने आ रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस तकनीकी समस्या को लेकर संबंधित सेंट्रल एनआईसी टीम को पत्र लिखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। नेटवर्क व्यवस्था सामान्य होने के बाद राशन वितरण और नए राशन कार्ड से जुड़ी ई-केवाईसी की प्रक्रिया में भी तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से जल्द समस्या दूर किए जाने के आश्वासन के बाद उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, जब तक ई-पॉस मशीन में नेटवर्क की समस्या दूर नहीं होती, तब तक पीडीएस दुकानों पर लंबी कतार और घंटों इंतजार की स्थिति बनी रहने की आशंका है।
