![]()
दरभंगा में 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 17 सितंबर की शाम 7:30 बजे लहेरियासराय स्थित पोलो ग्राउंड के नेहरू स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से होगी। इसे लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। साफ-सफाई, सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था देखी डीएम ने पोलो मैदान में साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश और निकास व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम स्थल के सौंदर्यीकरण के साथ आगंतुकों और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान इससे पहले समाहरणालय के बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में प्रभारी मंत्री एवं पथ निर्माण विभाग के मंत्री कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में अभियान को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल, गौड़ाबौराम विधायक सुजीत कुमार और विधान पार्षद हरि सहनी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। डीएम कौशल कुमार ने बैठक में अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान अलग-अलग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी है। स्कूलों में चित्रांकन और भाषण प्रतियोगिता का सुझाव बैठक में जिला और प्रखंड स्तर के कार्यक्रमों में बीस सूत्री के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और अन्य संबंधित लोगों को आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने और आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों और गतिविधियों का प्रचार-प्रसार कराने को भी कहा। नगर विधायक संजय सरावगी ने विद्यालय स्तर पर भी सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यक्रम कराने का सुझाव दिया। उन्होंने चित्रांकन, भाषण प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियां कराने और प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की बात कही। आंगनबाड़ी केंद्रों और जीविका दीदियों की भी भागीदारी आईसीडीएस के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम कराने का निर्देश दिया गया। जीविका की डीपीएम को जीविका दीदियों के माध्यम से बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन कर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा। सरकारी योजनाओं के लाभुकों को जोड़ने का सुझाव सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अभियान के कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को भी शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। पोलो मैदान में तैयारियां अंतिम दौर में 17 सितंबर के मुख्य कार्यक्रम को लेकर पोलो मैदान में साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश-निकास और सौंदर्यीकरण का काम कराया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
दरभंगा में 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान:पोलो मैदान में कल शाम मुख्य कार्यक्रम; डीएम ने तैयारियों का जायजा लिया, जनभागीदारी पर जोर

