Thursday, September 10, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

दुर्गा पूजा में मांसाहार पर टिप्पणी विवाद : कांग्रेस के बाद अब सपा ने बागेश्वर बाबा के खिलाफ दर्ज करायी शिकायत

हावड़ा से कुंदन झा की रिपोर्ट

B‍ageshwar Baba Dhirendra Krishna Shastri Durga Puja Controversy: बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर बाबा) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन को लेकर की गयी उनकी टिप्पणी पर विवाद गहराता जा रहा है. कांग्रेस के बाद अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी बागेश्वर बाबा के खिलाफ हावड़ा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज करायी है. समाजवादी पार्टी के हावड़ा जिला महासचिव तारकेश्वर प्रसाद ने गुरुवार को शिकायत दर्ज करायी.

सपा का आरोप : समाज में अशांति फैलाने वाला बयान

समाजवादी पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रदेश अध्यक्ष श्रीकांत कुमार घोष ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 5 सितंबर को लिलुआ वर्कशॉप मैदान में आयोजित तीन दिवसीय ‘हनुमान कथा’ के दौरान अपमानजनक टिप्पणियां की थीं. उन्होंने प्रशासन से बागेश्वर बाबा के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई शुरू करने का आग्रह किया. सपा नेता ने कहा कि ऐसे बयानों से समाज में शांति और सद्भाव प्रभावित हो सकता है.

क्या था धीरेंद्र शास्त्री का कथित विवादित बयान?

लिलुआ में आयोजित अपने कार्यक्रम के दौरान बागेश्वर बाबा ने बंगाल के लोगों से दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान मांसाहारी भोजन का त्याग करने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि धार्मिक और पवित्र अवसरों पर मांस का सेवन करने वाले लोग ‘पाखंडी’ हैं. उनके इसी बयान के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध शुरू हो गया.

ये भी पढ़ें: बाबा बागेश्वर की दुर्गा पूजा में मांसाहार पर प्रतिबंध की अपील से कांग्रेस नाराज, 2 थानों में शिकायत, कार्रवाई की मांग

तृणमूल कांग्रेस ने भी की बयान की निंदा

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के हिंदी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ मानव जायसवाल ने भी इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने कहा- निश्चित तौर पर बागेश्वर बाबा एक बहुत अच्छे कथावाचक हैं. उन्हें कथा सुनाने तक ही सीमित रहना चाहिए. उन्हें किसी राज्य के लोगों के खान-पान और संस्कृति पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है. उनके इस बयान से असमंजस की स्थिति बन गयी है कि वे एक कथावाचक हैं या किसी राजनीतिक दल के प्रचारक.

ये भी पढ़ें: Video: बाबा बागेश्वर के बयान पर बोले शमिक भट्टाचार्य- बाहरी लोग तय न करें बंगाली क्या खायेंगे, अष्टमी पर लुची और नवमी पर मटन हमारी परंपरा

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ग्लासगो से दी सफाई

इससे पहले बागेश्वर बाबा के नाम से मशहूर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में एक कथा के दौरान सफाई दी कि उन्होंने किसी को मांस खाने से रोकने की कोशिश नहीं की. उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल के नीचे या उसके आसपास मांसाहार का सेवन न करें. बागेश्वर बाबा ने कहा कि उन्होंने धार्मिक नेता की हैसियत से लोगों को सलाह दी थी. अगर किसी को मांस का भक्षण करना है, तो वो करें, उन्हें (बाबा को) कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन, पूजा स्थल के आसपास ऐसी चीजों की बिक्री नहीं हो, तो अच्छा रहेगा.

The post दुर्गा पूजा में मांसाहार पर टिप्पणी विवाद : कांग्रेस के बाद अब सपा ने बागेश्वर बाबा के खिलाफ दर्ज करायी शिकायत appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles