West Bengal Encounter: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में 17 साल की किशोरी (11वीं कक्षा की छात्रा) की दुष्कर्म के बाद हत्या के मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास (23) की कथित मुठभेड़ में मौत हो गयी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्राइम सीन रिक्रिएशन (घटनाक्रम को दोहराने) और वारदात के समय पहने गये कपड़े बरामद करने के लिए ले जाते समय आरोपी ने पुलिस अधिकारी की सरकारी पिस्तौल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी थी.

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पश्चिम बंगाल में 3 महीने के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है, जहां यौन उत्पीड़न के आरोपी ने पुलिस हिरासत से हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और एनकाउंटर में मारा गया.
शौच के बहाने गाड़ी रुकवायी, छीन ली सर्विस रिवॉल्वर
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार तड़के 2:50 बजे पुलिस टीम रेप-मर्डर के आरोपी प्रह्लाद दास को लेकर गायघाटा स्थित उसके घर और अपराध स्थल की ओर जा रही थी. वापसी के समय आरोपी ने वाहन रुकवाकर शौच जाने का बहाना बनाया. इसी बीच उसने एक पुलिस अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस की जवाबी फायरिंग में हुआ घायल
पुलिस की जवाबी गोलीबारी में प्रह्लाद दास को गोलियां लग गयीं. क्रॉस फायरिंग में पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचा है. इसकी फॉरेंसिक जांच करायी जा रही है. वाहन से कूदने के दौरान एक पुलिसकर्मी को मामूली चोट आयी है. आरोपी ने पुलिस अधिकारी से हथियार कैसे छीना और किन परिस्थितियों में एनकाउंटर हुआ, इसकी हाई लेवल जांच की जा रही है.
बारुईपुर में भी ढेर हुआ था बलात्कार का आरोपी
गायघाटा की यह घटना पश्चिम बंगाल में 90 दिनों के भीतर हुई दूसरी मुठभेड़ है. इससे पहले जुलाई 2026 में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी ने भी क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस की बंदूक छीनकर भागने का प्रयास किया था. वह भी पुलिस की गोलीबारी में मारा गया था.
ये भी पढ़ें: बारुईपुर मुठभेड़ पर बोलीं कामदुनी आंदोलन की नेता मौसुमी कयाल- यह असुरों के संहार की शुरुआत
बेटी तो नहीं लौटेगी, लेकिन इंसाफ मिला : परिजन
एनकाउंटर के बाद आरोपी प्रह्लाद दास के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर विरोध दर्ज कराया. लेकिन, पीड़िता के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की. पीड़िता की मां ने कहा- हमारी बेटी तो अब लौटकर नहीं आ सकती, लेकिन उसकी आत्मा को शांति जरूर मिली होगी. हमें इंसाफ मिला है. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
हम पुलिस की इस कार्रवाई से संतुष्ट हैं. लेकिन हमारी मासूम बेटी अब कभी वापस नहीं आ पायेगी. आरोपी हमारे परिवार का परिचित था और उसने हमारे भरोसे का कत्ल किया. -पीड़िता की मां
रविवार को मिला था किशोरी का लहूलुहान शव
शनिवार की रात 11वीं की छात्रा घर के पास आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में गयी थी. वहां किसी का फोन आने के बाद वह गायब हो गयी थी. रविवार सुबह पड़ोसी के घर के बाहर उसका लहूलुहान शव बरामद हुआ था.
पुलिस की कार्रवाई त्वरित है, लेकिन यह हमारी जिंदगी में आये कभी न भरने वाले खालीपन को दूर नहीं कर सकती. -पीड़िता का पिता
जनता का भरोसा बहाल करने के लिए कड़े कदम जरूरी : दिलीप घोष
इस मुठभेड़ के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो चुकी है. आम जनता का पुलिस बल से भरोसा उठ चुका है. कोई भी कानून से ऊपर नहीं है. अगर कोई अपराध करता है या कानून हाथ में लेता है, तो उसे अंजाम भुगतना होगा. जनता का विश्वास फिर से हासिल करने के लिए पुलिस को कड़े और कठोर कदम उठाने ही होंगे, भले ही कुछ लोगों को यह पसंद न आये.
The post दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की मुठभेड़ में मौत, सर्विस रिवॉल्वर छीनकर पुलिस पर चलायी थी गोली appeared first on Prabhat Khabar.
