![]()
भास्कर न्यूज|गुमला इंडियन चेंबर्स ऑफ कॉमर्स फोर एससी-एसटी वूमेन एंटरप्रेन्योर्स नई दिल्ली के नेशनल प्रेसिडेंट सुबीर पॉल और महासचिव हेमा एक्का गुमला पहुंचे। इस दौरान चेंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश चीनी ने उनसे मुलाकात की। शिष्टाचार भेंट के दौरान पॉल ने देश के आर्थिक और सामाजिक विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की प्रगति में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला उद्यमियों की भागीदारी को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी मांग है। पॉल के अनुसार देश के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिभाओं और उद्यमिता की कोई कमी नहीं है। वहां अपार संभावनाएं मौजूद हैं। लेकिन सही मार्गदर्शन, वित्तीय मदद, बाजार तक पहुंच, तकनीकी प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी न होने के कारण कई हुनरमंद लोग आगे नहीं बढ़ पाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय स्तर पर युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार व उद्योग से जोड़ना बेहद जरूरी है। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक स्तर में भी सुधार आएगा। विशेष रूप से झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कौशल, लघु व कुटीर उद्योगों और महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़कर विकास की एक नई इबारत लिखी जा सकती है। इसपर चीनी ने कहा कि इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने की जरूरत है। चूंकि सरकार ने योजना बना दी है।
