धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में एक बंद खदान में डूबी 13 वर्षीय किशोरी रंपा बाउरी का शव पांचवें दिन बरामद किया गया है। यह घटना उत्तर पंचायत के बाउरी टोला स्थित ईसीएल की एक बंद खदान में हुई। रंपा 28 अप्रैल को खदान के पानी में नहाने गई थी, तभी वह गहरे पानी में डूबकर लापता हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने खदान में उतरकर रंपा को बचाने और ढूढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। स्थानीय गोताखोरों को नहीं मिली सफलता
अगले दिन, स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने घंटों तक पानी में तलाश की, फिर भी रंपा का कोई सुराग नहीं मिल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। एनडीआरएफ ने कई दिनों तक व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन किशोरी का पता नहीं चल पाया। आज, घटना के पांचवें दिन, रंपा बाउरी का शव अचानक खदान के पानी में उपलाता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने शव को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद इलाके में गम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बंद खदानों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर चिंता व्यक्त की है, जहां अक्सर लोग नहाने जाते हैं और ऐसे हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसी खदानों के आसपास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
