![]()
इंस्पायर अवार्ड-मानक के अंतर्गत 12वीं राष्ट्रीय प्रदर्शनी-सह-प्रोजेक ्ट प्रतियोगिता के लिए चयनित लोहरदगा जिले के दो प्रतिभावान विद्यार्थियों को उपायुक्त ने सम्मानित व प्रोत्साहित किया। जिले से शिवानी कुमारी, राजकीय बेसिक +2 उच्च विद्यालय, सेन्हा तथा क्रांति कुमारी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सेन्हा का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपने अभिनव प्रोजेक्ट व नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। मौके पर उपायुक्त ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, नवाचार व वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। राष्ट्रीय स्तर पर अपने नवाचार को प्रस्तुत करने का अवसर विद्यार्थियों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट को और बेहतर बनाने तथा राष्ट्रीय मंच पर पूरे आत्मविश्वास के साथ लोहरदगा का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया। डीसी ने उनके मार्गदर्शक शिक्षकों और विद्यालयों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित लोहरदगा के विद्यार्थियों को डीसी ने किया सम्मानित
