![]()
सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 स्थित अशोगी गांव में गुरुवार को एक युवक की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोगी निवासी नथुनी सिंह के पुत्र मुन्ना कुमार पटेल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मुन्ना कुमार धान की रोपनी का काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में उनका पैर फिसल गया, जिससे वे उसमें डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें गड्ढे से बाहर निकाला और तत्काल बैरगनिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बैरगनिया पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से अशोगी गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन को पानी से भरे ऐसे गड्ढों को जल्द से जल्द भरवाना चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।

