![]()
धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग पंचायत के वार्ड संख्या दो में मंगलवार देर शाम नल-जल योजना का पानी चालू करने को लेकर विवाद हो गया। यह मामूली कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के ऑपरेटर छोटू कुमार से पानी चालू करने को लेकर कुछ लोगों की बहस हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस मारपीट में सुमन कुमार, उनकी मां संगीता देवी और बहन मनीषा कुमारी जख्मी हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। धरहरा थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।


