![]()
नवादा में दुर्गापूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट है। शुक्रवार को जिलाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान अर्धसैनिक बलों के साथ सड़कों पर उतरे और शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। समाहरणालय से अस्पताल रोड और स्टेशन रोड तक फ्लैग मार्च फ्लैग मार्च समाहरणालय से शुरू होकर अस्पताल रोड, स्टेशन रोड और सोनार पट्टी रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन ने दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी का संदेश दिया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने और अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती दुर्गापूजा को लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि पूजा और मेले के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फ्लैग मार्च में डीडीसी शंभू शरण पांडे, सदर एसडीओ अमित अनुराग, अतिरिक्त पुलिस अधिकारी निशु मलिक सहित कई प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
नवादा- दुर्गापूजा को लेकर DM-SP ने किया फ्लैग मार्च:समाहरणालय से स्टेशन रोड तक निकले अधिकारी; सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
