Nawada Cyber Crime : नवादा जिले में साइबर अपराध तेजी से बढ़ता जा रहा है. बीते कुछ दिनों में फर्जी कॉल, ऑनलाइन लिंक और बैंकिंग फ्रॉड के कई मामले सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है.
साइबर अपराधी खुद को बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या मोबाइल कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं.
नवादा के इन इलाकों में सबसे अधिक घटना
जिले के नगर थाना, वारिसलीगंज और हिसुआ इलाके में कई लोगों के बैंक खाते से हजारों रुपये गायब होने की शिकायत दर्ज करायी गयी है. पीड़ितों का कहना है कि उन्हें केवाईसी अपडेट, बिजली बिल जमा नहीं होने या लोन स्वीकृति के नाम पर कॉल किये गये. इसके बाद ओटीपी और बैंक डिटेल लेते ही खाते से पैसे निकाल लिये गये.
साइबर थाना पुलिस ने घटना पर क्या बताया?
साइबर थाना पुलिस के अनुसार अपराधी लगातार नये तरीके अपना रहे हैं. कई मामलों में लोगों को मोबाइल पर लिंक भेजकर एप डाउनलोड कराया गया, जिससे फोन का एक्सेस ठगों के पास पहुंच गया. पुलिस ने लोगों से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और फोन पर बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है.
इधर, बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान शुरू किया है. स्कूल, कॉलेज और बाजारों में लोगों को जागरूक किया जा रहा है.
साइबर विशेषज्ञों ने घटना पर क्या बताया?
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही लोगों की जिंदगी भर की कमाई खत्म कर सकती है.पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी बैंक या सरकारी संस्था फोन पर ओटीपी, एटीएम पिन या पासवर्ड नहीं मांगती है.
अगर किसी के साथ ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए. प्रशासन का कहना है कि समय रहते सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है.
The post नवादा में बढ़ा साइबर ठगी का खतरा, फर्जी कॉल से लोगों के खाते खाली, पुलिस ने जारी किया अलर्ट appeared first on Prabhat Khabar.

