![]()
नवादा में मंगलवार को संत रविदास जी के सम्मान और उनके जीवन-विचारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से कलश यात्रा निकाली गई। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नीलिमा साहू ने साहब कोठी मंदिर परिसर से कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीडीसी नीलिमा साहू ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी की जीवनी, उनके विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक जागरूकता बढ़ती है और संत रविदास जी के संदेश लोगों तक पहुंचते हैं। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा कलश यात्रा साहब कोठी मंदिर से शुरू होकर मुख्य मार्ग, प्रसाद बिगहा, भगत सिंह चौक और थाना रोड से गुजरी। इसके बाद यात्रा पुनः साहब कोठी मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में जिला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता व समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने किया स्वागत कलश यात्रा को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। शहर में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। सुरक्षा के लिए पुलिस बल रहा तैनात नवादा शहर में यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। यातायात व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की निगरानी में यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। इस आयोजन के माध्यम से संत रविदास जी के सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
