![]()
नालंदा में एक किराए के मकान में तीसरी मंजिल पर शुक्रवार की सुबह एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। गैस रिसाव के बाद लगी आग से कमरे का पूरा सामान जलकर राख हो गया। घर में किराएदार सुलेखा देवी और उनकी नतिनी मौजूद थी। दोनों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा है। घटना बिहार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 माही खंदक अयोध्या पथ की है। पानी गर्म करने के दौरान भड़की आग सुलेखा देवी के बेटे सोनू कुमार ने बताया कि सुबह उनकी मां पानी गर्म करने के लिए गैस चालू कर रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस रिसाव हुआ और आग भड़क गई। आग बुझाने का प्रयास किया गया लेकिन उस पर काबू नहीं पाया जा सका। घर में उस वक्त मैं और मेरी भांजी ही मौजूद थी। इस हादसे में कमरे में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। करीब 30 हजार रुपए नकद, जरूरी दस्तावेज, बर्तन, पंखा और कपड़े सब जल गए। कमरे में कुछ भी नहीं बचा है और मकान का ऊपरी हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। ‘बच्ची को लेकर नीचे भागी’ वहीं, सुलेखा देवी ने बताया कि जब आग तेज हुई तो उन्होंने कंबल और पानी डालकर उसे बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें नियंत्रित नहीं हुई। खतरे को भांपते हुए बच्ची को लेकर तुरंत नीचे भागी। तभी जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। मकान की खिड़कियां और दरवाजे टूटे, बड़ा नुकसान मकान मालिक इंदु देवी ने बताया कि किराएदार तीसरी मंजिल पर रहते थे। गैस लीकेज से आग लगी और जब बुझाने की कोशिश नाकाम रही तो सभी लोग बाहर निकल आए। कमरे की खिड़कियां, दरवाजे और अंदर का पूरा सामान बर्बाद हो गया। किसी की जान नहीं गई, लेकिन मकान और गृहस्थी का भारी नुकसान हुआ है। 15 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड, आग पर पाया काबू अग्निशमन विभाग के सब ऑफिसर अमरजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही यूनिट तुरंत भेजी गई। 15 मिनट के अंदर मौके पर पहुंची। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पानी गर्म करने के दौरान गैस लीकेज से लपटें असामान्य हो गई थी, जो परिजनों से नहीं संभली। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही सिलेंडर फट चुका था। तुरंत 112 या 101 पर कॉल करें सब ऑफिसर अमरजीत कुमार ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि आग लगने की स्थिति में तुरंत 112, 101 या नजदीकी फायर स्टेशन पर सूचना दें। अगर शुरुआती छोटे प्रयास से आग बुझ जाए तो ठीक, अन्यथा खुद बुझाने में कीमती समय बर्बाद न करें। तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित कर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। मॉक ड्रिल और सुरक्षा अभियानों में दी जाने वाली सावधानियों को नजरअंदाज न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन जाती है।
नालंदा में पानी गर्म करते समय गैस लीक:सिलेंडर ब्लास्ट से तीसरी मंजिल पर लगी आग; 30 हजार कैश समेत सामान जलकर राख
