![]()
नालंदा में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से मद्य निषेध अवर निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। 19 सेंटर्स पर करीब 13,176 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा एक पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। गहन ‘फ्रिस्किंग'(जांच) के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा प्रारंभ होने के समय से 30 मिनट पूर्व तक ही परीक्षार्थियों को हॉल में प्रवेश मिलेगा। सुबह 10:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही, मोबाइल या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लाना प्रतिबंधित है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 38 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 09 गश्ती दल दंडाधिकारी और 04 उड़नदस्ता दल तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक ऑब्जर्वर तैनात है। संपूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा के सुगम संचालन और किसी भी प्रकार की सूचना के लिए जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। परीक्षार्थी या आमजन किसी भी समस्या के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-345-6323 पर संपर्क कर सकते हैं। एग्जाम को लेकर दिशा-निर्देश जारी उप विकास आयुक्त रंजन कुमार चौधरी ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया है। जिला मुख्यालय में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी अलग से पुलिस बल की तैनाती की गई है।

