रांची11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

रिम्स में करीब 24 साल बाद फैकल्टी पदों का पुनर्गठन होगा। वर्तमान 319 स्वीकृत पदों में 16 नए पद जोड़कर संख्या 335 करने का प्रस्ताव है। वहीं, गैर-शैक्षणिक पद 1962 से घटाकर 1862 किए जाएंगे। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के अनुसार, लैब टेक्नीशियन, आईटी और हॉस्पिटल मैनेजमेंट जैसे जरूरी क्षेत्रों पर जोर रहेगा।
ये निर्णय शासी परिषद की 66वीं बैठक में लिए गए।मानव संसाधन की कमी दूर करने के लिए 106 नर्स और 112 हॉस्पिटल मैनेजरों की बहाली की योजना है। मरीजों की मदद के लिए 100 आयुष्मान मित्र के पद सृजित किए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने 15 दिनों में भर्ती विज्ञापन प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। नए निदेशक की नियुक्ति तक मौजूदा निदेशक का कार्यकाल बढ़ाने का प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा जाएगा।
2014 की नियमावली की जगह आएगी नई व्यवस्था रिम्स की प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव के लिए वर्ष 2014 की नियमावली के स्थान पर नई नियमावली 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई है। इसमें समितियों की संख्या पांच से बढ़ाकर 10 करने और जिम्मेदारियां स्पष्ट करने का प्रावधान है। वर्ष 2024-25 से संबंधित 241 करोड़ रुपए की राशि के उपयोग में देरी का भी बैठक में उल्लेख किया गया। नई व्यवस्था से खरीद, टेंडर और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने की कोशिश होगी।
प्रोन्नति में इलाज और शिक्षण को भी महत्व फैकल्टी की प्रोन्नति के मानदंडों में बदलाव का प्रस्ताव है। अब शोध पत्रों के साथ पीजी और सुपर स्पेशियलिटी के विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने तथा मरीजों के इलाज में योगदान को भी महत्व दिया जाएगा। मेडिकल सुपरिटेंडेंट के अधीन 4 डिप्टी सुपरिटेंडेंट रखने की व्यवस्था भी होगी, ताकि अस्पताल के दैनिक कामकाज, मरीजों की सुविधाओं की निगरानी बेहतर हो सके।
होम गार्ड हटाकर सुरक्षा व्यवस्था सैप के जिम्मे होगी अस्पताल में सुरक्षा संबंधी शिकायतों और घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रिम्स की सुरक्षा की जिम्मेदारी सैप के जवानों को देने की योजना है। मौजूदा होमगार्ड व्यवस्था को धीरे-धीरे बदला जाएगा।
बर्न वार्ड बेहतर होगा, ईको मशीनें खरीदी जाएंगी स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स के बर्न वार्ड को बेहतर सुविधाओं से लैस करने का निर्देश दिया। अल्ट्रासाउंड और ईको जांच मशीनों की कमी दूर करने के लिए भी नए उपकरण खरीदने का निर्देश दिया है।
डीआईजी ग्राउंड में बनेंगे पीजी हॉस्टल, स्टेडियम रिम्स परिसर में छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए हॉस्टलों के निर्माण की योजना है। पीपीपी मॉडल अपनाने का प्रस्ताव है, निजी भागीदार हॉस्टल का निर्माण व संचालन करेगा। नया स्टेडियम भी डीआईजी ग्राउंड में बनेगा।

