Sunday, August 9, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

नालंदा स्टेशन पर ट्रैक पार कर रही छात्रा की मौत:मालगाड़ी की चपेट में आई, अनाउंसमेंट-हॉर्न नहीं होने का आरोप, फुट ओवरब्रिज की मांग


ऐतिहासिक नालंदा रेलवे स्टेशन पर घोर लापरवाही के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए ट्रैक पार कर रही बीए की छात्रा मालगाड़ी की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान नवादा जिला के नारदीगंज थाना क्षेत्र के धनियावां निवासी विजय कुमार की 25 वर्षीय बेटी स्वीटी कुमारी के रूप में हुई है। वह बिहारशरीफ में रहकर पढ़ाई करती थी और रविवार को दोस्तों के साथ नालंदा खंडहर व बड़गांव सूर्य मंदिर घूमने आई थी। वापसी के लिए ट्रेन का इंतजार करने के दौरान पानी लाने जाते समय यह हादसा हुआ। बिना हॉर्न और अनाउंसमेंट के गुजरी मालगाड़ी
चश्मदीदों और मृतका के साथी विकास यादव ने रेलवे प्रबंधन पर सीधे तौर पर हत्या जैसी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ड्यूटी के वक्त स्टेशन मास्टर सो रहा था। जब 2 नंबर ट्रैक से मालगाड़ी गुजरी, तो स्टेशन पर न कोई अनाउंसमेंट किया गया, न ट्रेन ने हॉर्न बजाया और न ही किसी ने झंडी दिखाई। अचानक ट्रेन आने से छात्रा को संभलने का मौका नहीं मिला और वह उसकी चपेट में आ गई। ओवरब्रिज नदारद, ‘प्राइवेट’ व्यक्ति के हवाले स्टेशन
इस घटना ने विश्व प्रसिद्ध नालंदा स्टेशन की सुरक्षा और व्यवस्था की कलई खोल दी है। स्थानीय लोगों ने भारी आक्रोश जताते हुए कहा कि स्टेशन पर कोई फुट ओवरब्रिज नहीं है, जिससे यात्री हर दिन जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते हैं। लोगों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि स्टेशन पर तैनात महिला कर्मी ड्यूटी से गायब रहती हैं और पूरा स्टेशन एक ‘प्राइवेट’ व्यक्ति के सहारे चल रहा है। टिकट काटने से लेकर ट्रेन को झंडी दिखाने तक का सारा काम एक ही व्यक्ति कर रहा है। इसी भारी अव्यवस्था ने छात्रा की जान ले ली। पुलिस ने संभाला मोर्चा, स्टेशन मास्टर पर FIR की मांग
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और यात्रियों ने ट्रैक जाम कर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता, जीआरपी, आरपीएफ और कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया अनाउंसमेंट सिस्टम न होने और लापरवाही की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया है कि स्टेशन मास्टर या दोषियों के खिलाफ दी गई शिकायत पर तुरंत और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है और स्थिति नियंत्रण में है। आम लोगों ने अविलंब फुट ओवरब्रिज के निर्माण और पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की मांग उठाई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles