![]()
जिले में चल रही विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं और कार्यस्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सिमडेगा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण किया गया। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। सुरक्षा ऑडिट के दौरान निर्माण स्थलों पर काम कर रहे मजदूरों एवं कर्मियों की सुरक्षा, निर्माण सामग्री और मशीनरी की सुरक्षा, रात्रिकालीन निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा कार्यस्थल पर बाहरी लोगों की आवाजाही समेत कई बिंदुओं की जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों, संवेदकों और साइट प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्हें कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को देने को कहा गया। पुलिस ने विशेष रूप से रात के समय निर्माण स्थलों की सुरक्षा पर ध्यान देने का निर्देश दिया है। इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
निर्माण स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें, सीसीटीवी भी लगाएं
