![]()
आईआईटी अमहारा थाना पुलिस ने बुधवार को पकड़ी गांव में एक विशेष अभियान के तहत छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने करीब 30 लीटर देसी चुलाई शराब जब्त की और दो शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान मनोज कुमार (पिता–सुदेश्वर यादव) और रणधीर यादव (पिता–कृष्णा यादव) के रूप में हुई है। ये दोनों पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के तिलकपुरा निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, ये दोनों पकड़ी गांव में अवैध रूप से देसी चुलाई शराब का क्रय-विक्रय कर रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में उन्हें मौके से गिरफ्तार किया गया और शराब बरामद की गई।आईआईटी अमहारा थाना प्रभारी रौशन कुमार राज ने बुधवार सुबह गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

