BIHAR EOU RAID : (नवीन कुमार) पटना जिले के खुसरूपुर प्रखंड में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने पैक्स अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख पति संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी. कार्रवाई की सूचना मिलते ही इलाके में चर्चा का माहौल गर्म हो गया.
संतोष डॉन के आवास समेत 25 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
जानकारी के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने खुसरूपुर प्रखंड के पचरुखिया स्थित संतोष डॉन के आवास सहित करीब 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है. सुबह से चल रही इस कार्रवाई में कई अधिकारियों की टीम जुटी हुई है.
पटना से लेकर नालंदा तक फैला छापेमारी का दायरा
सूत्रों के अनुसार पचरुखिया, जगमालबीघा, सुकरबेगचक, मुस्तफापुर, चौड़ा समेत कई गांवों में EOU की टीम जांच कर रही है. वहीं नालंदा जिले के खिदरचक सहित अन्य स्थानों पर भी छापेमारी जारी है.
सुबह-सुबह कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप
छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में लोगों की भीड़ जुटने लगी. स्थानीय लोगों के बीच कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. हालांकि अधिकारी पूरे मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं.
दस्तावेजों और संपत्तियों की हो रही जांच
बताया जा रहा है कि आर्थिक अपराध इकाई की टीम विभिन्न दस्तावेजों, संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है. कई स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
देर शाम तक जारी रह सकती है कार्रवाई
समाचार लिखे जाने तक आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी लगातार जारी थी. अधिकारियों की टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है.
The post पटना से नालंदा तक EOU की छापेमारी, संतोष डॉन के 25 ठिकानों पर चल रही है रेड appeared first on Prabhat Khabar.

