![]()
मुंगेर में रामाधीन महाविद्यालय, शेखपुरा और बीएनएम कॉलेज, बड़हिया के छात्रों ने गुरुवार को मुंगेर विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया। वे परीक्षा केंद्र बदलने समेत कई मांगें कर रहे थे। छात्रों का आरोप है कि एसकेआर कॉलेज, बरबीघा को परीक्षा केंद्र बनाने के बाद 23 सितंबर को परीक्षा के दौरान उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और गलत व्यवहार किया गया। इसके विरोध में छात्रों ने दोनों पालियों की परीक्षा छोड़ दी थी। अपनी मांगों को लेकर छात्र मुंगेर विश्वविद्यालय पहुंचे। कुलपति के न मिलने पर छात्रों ने उनके आवास को करीब दो से तीन घंटे तक घेरा। छात्रों का कहना है कि इसके बाद भी कुलपति उनसे बात करने नहीं आए। इसके बाद एबीवीपी के नेतृत्व में छात्रों ने विश्वविद्यालय में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। गलत व्यवहार के मामले में कार्रवाई की भी मांग छात्रों और एबीवीपी की मुख्य मांगों में रामाधीन महाविद्यालय और बीएनएम कॉलेज का परीक्षा केंद्र एसकेआर कॉलेज, बरबीघा से बदलकर किसी दूसरे कॉलेज में करना शामिल है। वे 23 सितंबर को छूटी हुई दोनों पालियों की परीक्षा दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं। साथ ही, एसकेआर कॉलेज के सहायक प्राध्यापक मनीष कुमार के खिलाफ गलत व्यवहार के मामले में कार्रवाई की भी मांग की गई है। ठोस फैसला होने तक जारी रहेगा धरना देर शाम प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की। परीक्षा नियंत्रक ने आश्वासन दिया कि वे कुलपति से बात करेंगे और उनके आदेश के हिसाब से आगे फैसला लिया जाएगा। ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में एबीवीपी शेखपुरा के जिला संयोजक निशांत यादव, आकाश, बिक्की आनंद, मुंगेर जिला संयोजक सचिन कुमार, सुभाष मंडल, साकेत सम्राट, बबन राय, अंशु राज और श्याम कुमार समेत सैकड़ों छात्र मौजूद थे।
परीक्षा केंद्र बदलने की मांग पर मुंगेर यूनिवर्सिटी में ताला:छात्रों ने कुलपति आवास घेरा, SKR कॉलेज में गलत बर्ताव का आरोप; दोबारा परीक्षा की मांग
