![]()
नालंदा में स्कूल में घुसकर टीचर के साथ छात्र ने मारपीट की। छात्र के साथ उनके परिजन भी पहुंचे थे, जिन्होंने बवाल मचाया। आरोप है कि स्टूडेंट ने कट्टा भी लहराया है। स्कूल में कंप्यूटर और सरकारी संपत्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। दरअसल, बुधवार को 9वीं और 10वीं कक्षा की पहली पाली में समाजशास्त्र की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान एक छात्र को मोबाइल से नकल करते पकड़कर वीक्षक ने उसका फोन जब्त कर लिया और बाद में अभिभावक को बुलाकर सौंप दिया था। छात्र दूसरी पाली में अंग्रेजी की परीक्षा में फिर से मोबाइल लेकर पहुंच गया। जब वीक्षक दिलीप कुमार ने उसे दोबारा रोका, तो छात्र ने उनके चेहरे पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य शिक्षकों के साथ भी हाथापाई की गई। गुरुवार को मामले में एफआईआर दर्ज हुई है। मामला खुदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बरदाहा हाईस्कूल का है। 11वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा नहीं हो सकी घटना के तुरंत बाद आरोपित छात्र की सूचना पर उसके परिवार से दादा-दादी, चाचा-चाची और ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर स्कूल में घुस आए। हमलावरों ने प्रभारी प्रधानाध्यापक और शिक्षकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच एक युवक ने देसी कट्टा से शिक्षकों को धमकाया। हमले से भयभीत शिक्षक अगले दिन स्कूल नहीं पहुंचे, जिसके चलते गुरुवार को 11वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा नहीं हो सकी। 10 नामजद पर एफआईआर प्रभारी प्रधानाध्यापक रामादित्य कुमार ने अर्जुन-सेरथुआ गांव के 10 लोगों के खिलाफ खुदागंज थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को कट्टा लहराते युवक की तस्वीर भी सौंपी गई है। थानाध्यक्ष दुर्गेश प्रसाद गहलौत ने बताया कि आर्म्स एक्ट, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
2 सदस्यीय जांच टीम गठित जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने 2 सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। डीईओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सुरक्षा कारणों से अब इस टैग स्कूल को उसके मूल विद्यालय बरदाहा उच्च माध्यमिक विद्यालय में ही संचालित करने का आदेश जारी कर दिया गया है। घटना के बाद से शिक्षकों में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
परीक्षा में नकल करने से रोका तो टीचर की पिटाई:छात्र ने कट्टा भी लहराया, परिजन ने स्कूल में घुसकर तोड़फोड़ भी की
