Wednesday, September 23, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पलामू में कोयल नदी में 5 बच्चे डूबे,4 की मौत:करमा पूजा विसर्जन के लिए गए थे, एक लापता, तलाश जारी


पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में बुधवार सुबह करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान कोयल नदी में बड़ा हादसा हो गया। पूजा सामग्री लेकर नदी में उतरे पांच किशोर तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर डूब गए। हादसे में चार लड़कों की मौत हो गई। जबकि पांचवां अब भी लापता है। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद चार लड़कों के शव नदी से बाहर निकाले गए। हादसे की खबर फैलते ही नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। घटना के बाद पतरिया गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूजा सामग्री लेकर नदी में उतरे थे पांचों जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह पांचों लड़के करमा पूजा की सामग्री लेकर कोयल नदी पहुंचे थे। नदी किनारे से कुछ आगे बढ़ने के बाद वे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए। अचानक पानी का दबाव बढ़ने से पांचों लड़के संभल नहीं सके और देखते ही देखते नदी में डूब गए। उन्हें डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे वाली जगह पर नदी की धारा काफी तेज है और पानी भी गहरा है। बताया जा रहा है कि लड़कों को नदी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं था। ग्रामीणों ने अपने स्तर से नदी में उतरकर तलाश शुरू की और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद राहत और तलाश अभियान को आगे बढ़ाया गया। पांचवें की तलाश जारी; गांव में मातम हादसे में मृतकों की पहचान बाबूलाल सिंह के बेटे नीतीश कुमार सिंह (18), पुरानी ठाकुर के बेटे अमित कुमार ठाकुर (22), संजय सिंह के बेटे राजा सिंह (12) और तिलकधारी पासवान के बेटे विशाल पासवान (16) के रूप में हुई है। बताया गया कि चारों एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने चार लड़कों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है और लापता पांचवें लड़के की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही और परिजन अपने बच्चों की तलाश को लेकर परेशान रहे। चार परिवारों में मातम का माहौल है, वहीं पांचवें लड़के के परिजन उसकी सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद में नदी किनारे डटे हुए हैं। घटना ने करमा पूजा की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles