![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक कबाड़ी व्यवसायी की हत्या कर शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक दिया गया। रविवार सुबह नदी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा निवासी 39 वर्षीय कुर्मान शेख के रूप में हुई है। वह गुवा बाजार और आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर लोहे का कबाड़ खरीदने का काम करता था। पुलिस के अनुसार, शव को जिस तरीके से पत्थर से बांधकर नदी में डाला गया, उससे यह साफ है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। शनिवार रात तक दिखा था जिंदा स्थानीय लोगों ने बताया कि कुर्मान शेख गुवा थाना क्षेत्र के हिरजीहाटिंग में अपने साथी अल्ताफ शेख के साथ किराये के मकान में रहता था। जानकारी के अनुसार, उसका साथी अल्ताफ शनिवार दोपहर जनशताब्दी एक्सप्रेस से अपने घर मुर्शिदाबाद लौट गया था। कुर्मान को शनिवार रात करीब आठ बजे तक इलाके में देखा गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह कारो नदी किनारे उसका शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। सिर पर वार कर हत्या की आशंका प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि कुर्मान शेख की हत्या किसी भारी वस्तु या पत्थर से सिर पर वार कर की गई है। इसके बाद शव को पत्थर से बांधकर नदी में फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मृतक के संपर्कों और हाल की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

