सिटी रिपोर्टर | रांची रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में इस वर्ष सावन मेले के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त सह अध्यक्ष मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इस वर्ष सावन का महीना 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। इस दौरान 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सोमवार होने के कारण भारी भीड़ की संभावना है। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी करने का निर्देश दिया। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा में चूक न हो, इसके लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और मेडिकल टीम की ड्यूटी में कम-से-कम एक घंटे का ‘ओवरलैप’ रखा जाएगा। सिविल सर्जन को नाग पंचमी, पूर्णिमा और हर सोमवार को स्ट्रेचर व दवाओं के साथ मेडिकल टीम तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा अग्निशमन, पेयजल और चलंत शौचालय की व्यवस्था नगर निगम सुनिश्चित करेगा। समाहरणालय में आयोजित बैठक में एसडीओ कुमार रजत, सिविल सर्जन प्रभात कुमार सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। डीसी ने गर्भगृह तक निर्बाध बिजली आपूर्ति और शॉर्ट-सर्किट से बचाव के लिए विद्युत विभाग से एक सप्ताह पहले सुरक्षा प्रमाण-पत्र मांगा है। मेला अवधि में बिजली कर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। पथ निर्माण विभाग को नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी के पास सर्विस रोड और पहाड़ी मंदिर के अप्रोच रोड को दुरुस्त करने व खुली नालियों को ढंकने का निर्देश दिया गया है। पहाड़ी मंदिर के रास्तों से अतिक्रमण हटाया जाएगा और परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। त्वरित संचार के लिए वॉकी-टॉकी सेट खरीदे जाएंगे। बैठक में मंदिर विकास समिति के वित्तीय विषयों की समीक्षा करते हुए एक वर्ष के लेन-देन का विवरण लेकर पुराने बैंक खाते को बंद करने की प्रक्रिया शुरू करने का भी निर्देश दिया गया।


