![]()
पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बरमसिया मोड़ के पास से ताला मुर्मू उर्फ खलासी नामक इस अपराधी को एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद उनके नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक संतोष मुर्मू, हवलदार सतपाल कुमार और प्रकाश असुर शामिल थे। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम बरमसिया मोड़ से कोयला रोड पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से बरमसिया गांव के जंगल के पास पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम ताला मुर्मू उर्फ खलासी बताया, जो साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना अंतर्गत छोटा लक्ष्मी का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। थाना प्रभारी ने बताया कि ताला मुर्मू का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर गोड्डा और साहिबगंज जिलों के विभिन्न थानों में लगभग 6 मामले दर्ज हैं। वह अंतर-राज्यीय आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। गोड्डा जिले के ललमटिया थाना में उसके खिलाफ कांड संख्या 44/25 और 48/25 दर्ज हैं, जबकि बोआरीजोड़ थाना में 35/25 मामला दर्ज है। साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना में भी उस पर 35/25 और 37/25 मामले दर्ज हैं। अमड़ापाड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 8/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पाकुड़ में देसी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार:दो जिंदा कारतूस भी बरामद, आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
Date:




