Friday, May 1, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सारंडा में सुरक्षा बलों को मिली सफलता:सड़क किनारे छिपाया शक्तिशाली IED बरामद, किया गया निष्क्रिय


पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। जराईकेला थाना क्षेत्र के एदेलबेरड़ा-बाबुडेरा मार्ग पर सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने एक शक्तिशाली आईईडी (IED) बरामद किया। बम निरोधक दस्ते ने इसे तत्काल मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। सूत्रों के अनुसार, यह आईईडी जवानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से सड़क किनारे छिपाया गया था। हाल ही में कोलबोंगा के जंगलों में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। माना जा रहा है कि नक्सली गश्ती दल को भारी नुकसान पहुंचाकर इसका बदला लेना चाहते थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों की पैनी नजर संदिग्ध वस्तु पर पड़ी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सारंडा जैसे दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के कारण नक्सली संगठन में हलचल मची हुई है। अभियान के साथ-साथ सरकार और जिला प्रशासन की ओर से नक्सलियों को आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाने का संदेश भी दिया जा रहा है। अधिकारियों ने अपील की है कि नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हों, अन्यथा सुरक्षा बलों की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles