![]()
पाकुड़ जिले में दुर्गापूजा की नवमी पर पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से देर रात तक मां दुर्गा के दर्शन के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मियों को विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया था। इस दौरान एसपी अनुदीप सिंह ने कई पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय हसदा अपने समर्थकों के साथ मोटरसाइकिल से शहर के कई पूजा पंडालों में पहुंचे। उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात की और पूजा आयोजन से संबंधित जानकारी ली। शहर के श्याम नगर स्थित दुर्गा मंदिर में भी नवमी पर देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। यहां छोटे-छोटे बच्चों ने भक्तिभाव से भजनों की प्रस्तुति दी। इससे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। तारापुर-गोविंदपुर में अंतरराज्यीय नृत्य प्रतियोगिता हिरणपुर प्रखंड के तारापुर-गोविंदपुर में श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से अंतरराज्यीय नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. सुभाष आनंद, विजय साहा, डोमन पंडित और मनोज साहा ने किया। रोहित राजवीर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। गणेश चौधरी ने प्रथम, नयन कश्यप ने द्वितीय और एसके रीमिक्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दूसरी श्रेणी में सौम्या सिन्हा प्रथम, सत्यम पांडे द्वितीय और लक्ष्मी कुमारी तृतीय रहीं। वहीं, कीकी ने प्रथम और उन्नति ने द्वितीय स्थान हासिल किया। समूह नृत्य में स्ट्रीट डांस अकादमी प्रथम रही। गोल्डन बींग्स ने दूसरा, संजीव एवं रॉकी ने तीसरा और एक्रो एवं प्राइस ने चौथा स्थान प्राप्त किया। समिति के पदाधिकारियों और सब-इंस्पेक्टर गौतम कुमार ने विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन मनोज साहा, प्रेम साहा और टाइगर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सचिव टिंकू साहा, संतोष साहा, नारायण यादव, कोषाध्यक्ष कृष्णा पंडित सहित समिति के अन्य सदस्यों ने योगदान दिया। धुनुची नृत्य के साथ मां की आरती नवमी के अवसर पर दुर्गापूजा समिति के पूजा पंडाल में भव्य आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान पंडित जी ने पारंपरिक धुनुची नृत्य करते हुए मां दुर्गा की आरती की। धूप की सुगंध, जलते धुनुची पात्र, आरती की लौ और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पंडित जी का धुनुची नृत्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने आरती में भाग लिया और मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, श्याम नगर के दुर्गा मंदिर में बच्चों के भजनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़ और धार्मिक आयोजनों से पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।
पाकुड़ में नवमी पर पंडालों में उमड़ी भीड़:धुनुची नृत्य और भजनों ने बांधा समां; नृत्य प्रतियोगिता में कलाकारों ने दिखाया हुनर
