भास्कर न्यूज|गुमला नगर परिषद कार्यालय में वार्ड पार्षदों के बैठने के लिए आवंटित कमरे को स्टोर रूम बना देने से जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है। करीब एक सप्ताह से कमरे में ताला लगा है। ऐसे में कार्यालय पहुंचने वाले पार्षदों को बैठने में परेशानी हो रही है। पार्षदों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने अपने लिए निर्धारित कमरे को फिर से बैठने योग्य बनाने की मांग की है। पार्षदों के अनुसार, नगर परिषद कार्यालय में उनके बैठने के लिए कमरा निर्धारित था। करीब एक सप्ताह पहले इस कमरे को स्टोर रूम में तब्दील कर दिया गया। ताला लगे रहने के कारण वे वहां बैठ नहीं पा रहे हैं। इससे कार्यालय आने-जाने के दौरान उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षदों का कहना है कि वे अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को लेकर नगर परिषद कार्यालय आते हैं। जनता की शिकायतों और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए उन्हें कार्यालय में बैठने की उचित व्यवस्था मिलनी चाहिए। उनके लिए निर्धारित कमरे का इस्तेमाल स्टोर रूम के रूप में करना उचित नहीं है। पार्षदों ने कहा कि वार्ड के लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जनप्रतिनिधियों के पास पहुंचते हैं। जनप्रतिनिधियों के बैठने और लोगों से बातचीत करने के लिए उचित व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से मामले पर ध्यान देने की मांग की है। उन्होंने कमरे को दोबारा पार्षदों के बैठने के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है।
पार्षदों के बैठने का कमरा बना स्टोर रूम, दरवाजे पर लगा ताला
