![]()
गोपालगंज के कुचायकोट प्रखंड स्थित प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने सनातन परंपरा और वैदिक विधि-विधान से गुरु पूजन किया। पीठाधीश्वर महर्षि शिवानंद परमहंस जी महाराज ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधे वितरित किए। श्रद्धालुओं ने मां बगलामुखी के दर्शन किए पीताम्बरा पीठ वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित गुरु सम्मान समारोह एवं गुरु पूजन कार्यक्रम में दूर-दूर से आए हजारों श्रद्धालुओं और शिष्यों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मां बगलामुखी के दर्शन और पूजन कर मनवांछित फल की कामना भी की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पीठ के पीठाधीश्वर महर्षि शिवानंद परमहंस जी महाराज का गुरु पूजन रहा। शिष्यों ने सनातन परंपरा और वैदिक विधि-विधान के अनुसार अपने गुरुदेव की पूजा-अर्चना की। साधकों ने आरती उतारकर और पुष्प अर्पित कर गुरुदेव के प्रति अपनी भक्ति प्रकट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम परिसर ‘गुरुदेव भगवान की जय’ के जयकारों से गूंज उठा। शिष्यों को फलदार एवं छायादार पौधे बांटे इस पावन अवसर पर पीठाधीश्वर महर्षि शिवानंद परमहंस जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान का उपदेश देते हुए गुरु की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने एक अनुकरणीय पहल करते हुए सभी उपस्थित श्रद्धालुओं और शिष्यों को फलदार एवं छायादार पौधे वितरित किए। महाराज जी ने सभी को पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रकृति ही ईश्वर का रूप है, और इसकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक व धार्मिक कर्तव्य है। गुरु पूजन के उपरांत पीठ की ओर से एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ट्रस्ट के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सेवा कार्य मुस्तैदी से संभाला।


