![]()
बेतिया शहर में पुलिसकर्मी बनकर ठगी का एक मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को झांसे में लेकर उसकी सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पीड़िता ने नगर थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान में जुट गई है। यह घटना बेतिया नगर निगम के वार्ड संख्या-14 की निवासी वर्षा कुमारी के साथ हुई। उन्होंने नगर थाना को दिए आवेदन में बताया कि वह लाल बाजार से मीना बाजार होते हुए अपने घर लौट रही थीं। राज स्कूल के पूर्वी गेट के पास सिविल ड्रेस में बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए। बड़े अधिकारीयों का डर दिखा सोने की चेन उतरवाई युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि आगे पुलिस की विशेष जांच चल रही है। उन्होंने वर्षा कुमारी से सुरक्षा के मद्देनजर अपनी सोने की चेन उतारकर पर्स में रखने को कहा। शुरुआत में महिला ने चेन उतारने से इनकार कर दिया। इस पर बदमाशों ने उसे धमकाया कि आगे बड़े अधिकारी मौजूद हैं और चेकिंग के दौरान उन्हें परेशानी हो सकती है। उनकी बातों पर विश्वास करके महिला ने अपनी सोने की चेन उतार दी। अवंतिका चौक की ओर तेजी से फरार हो गए इसके बाद दोनों युवकों ने महिला से चेन दिखाने को कहा, ताकि वे जांच कर सकें कि वह असली सोने की है या नहीं। जैसे ही महिला ने चेन उनके हाथ में दी, दोनों बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर अवंतिका चौक की ओर तेजी से फरार हो गए। ठगी का एहसास होने पर महिला तुरंत नगर थाना पहुंची और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। नगर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता का आवेदन मिल गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने आभूषण या कीमती सामान उसके हाथ में न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


