![]()
बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश दो दिवसीय दौरे पर पूर्णिया पहुंचे। सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य और जिला स्तर पर पंचायती राज विभाग की ओर से चलाई जा रही विकास योजनाओं और उनकी उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। विभागीय समीक्षा बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि सरकार गांव के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। पंचायत सरकार भवनों और अन्य योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण जनता को उनके घर के पास ही पारदर्शी और समयबद्ध सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। काम में ढिलाई या लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और अधिकारियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। पंचायत सरकार भवन: गांव का मिनी सचिवालय मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि पंचायत सरकार भवन गांव का मिनी सचिवालय बनेगा। इसके तहत पूर्णिया की 230 पंचायतों में से 80 भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 132 पंचायतों में निर्माण कार्य तेजी से जारी है। जिन स्थानों पर भूमि की उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं हैं, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। ये भवन पंचायतों के लिए मिनी सचिवालय के रूप में काम कर रहे हैं। यहां पंचायती राज एवं अन्य संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद रहेंगे। कर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमीट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही आम जनता की सुविधा हेतु आधार सेंटर और अन्य नागरिक सेवाएं भी शुरू की गई हैं। निर्माणाधीन भवनों के निरीक्षण हेतु अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कार्यदायी एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोलर स्ट्रीट लाइट योजना का लक्ष्य मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि पूर्णिया में 33,490 सोलर लाइट्स लगाने का लक्ष्य तय किया गया था, जिसमें से 33,205 लाइटें स्थापित की जा चुकी है। लगभग 285 शेष लाइटों को जल्द से जल्द लगाने के निर्देश दिए गए हैं। लाइट्स के रखरखाव, मरम्मत में देरी करने वाली संबंधित एजेंसियों पर जुर्माना लगाने और आवश्यकता पड़ने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। कन्या विवाह मंडप योजना मंत्री ने कन्या विवाह मंडप योजना पर कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर विवाह के दौरान पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है। जिले की कुल 223 पंचायतों के लक्ष्य में से 26 पंचायतों के लिए विवाह मंडप निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति एवं राशि आवंटित कर दी गई है। जल्द ही धरातल पर काम दिखेगा। मोक्ष धाम योजना मंत्री ने मोक्ष धाम योजना के संबंध में बताया कि अंत्येष्टि के लिए चबूतरा, शेड, पेजयल, स्नानागार और बाउंड्री जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कार्य जारी है। जिले के सभी 14 प्रखंडों में 232 स्थलों पर भूमि चिह्नित कर ली गई है। जहां शीघ्र ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। जिला परिषद भूमि का विकास एवं अतिक्रमण मुक्ति प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि जिला परिषद की संपत्तियों और भूमि का सही तरीके से मॉनिटाइजेशन और पारदर्शी विकास किया जाएगा। जहां भी अवैध अतिक्रमण की शिकायतें हैं, उन्हें हटाते हुए भूमि का जनहित में बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सहयोग शिविर एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल के माध्यम से सरकार सीधे आम लोगों के द्वार तक पहुंच रही है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे जनता की शिकायतों व आवेदनों का समयबद्ध और त्वरित निष्पादन संवेदनशीलता के साथ करें। पंचायत विकास दिवस और ग्राम सभा की भागीदारी मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शुरू किए गए पंचायत विकास देव के तहत हर महीने के अंतिम रविवार को ग्राम सभा का आयोजन किया जाता है। ग्राम सभाओं में आम लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि विकास योजनाओं में पारदर्शिता और स्थानीय आवश्यकताओं का समावेश हो सके।
