पूर्णिया के जलालगढ़ में गंगा सागर तालाब किनारे युवक का शव मिला। मृतक की पहचान गंगा सागर टोल निवासी 32 वर्षीय रंजीत चौहान के रूप में हुई है। रंजीत शनिवार रात मछली की रखवाली करने गया था, खोजबीन के क्रम में अगले दिन उसकी लाश मिली। मृतक के पिता धीरेंद्र चौहान ने बताया कि गंगा सागर पोखर के रास्ते से गुजरने के दौरान मेरी नजर पानी किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखा तो मेरे होश उड़ गए। पानी में पड़ा शव बेटे रंजीत का था। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लाश को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अक्सर पोखर किनारे रात बिताता था परिजनों ने बताया कि शनिवार रात रंजीत ने घर पर खाना खाया था। इसके बाद वह गंगा सागर पोखर में चल रहे मछली पालन की रखवाली के लिए निकला था। पोखर के बीच बने मचान पर वह अक्सर रात गुजारता था और मछलियों की निगरानी करता था, लेकिन शव मचान पर नहीं, बल्कि उससे काफी दूर पोखर के किनारे पानी में मिला। यही बात परिजनों और ग्रामीणों के बीच कई सवाल खड़े कर रही है।
एफएसएल की टीम ने की जांच घटना की सूचना मिलते ही जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक शिवम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मचान और उसके आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। टीम ने पैर के निशान समेत कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया।
पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत लग रही है। आशंका है कि रात के अंधेरे में पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया हो। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। हत्या, दुर्घटना या किसी अन्य साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।


