![]()
पूर्णिया जिले में जहरीले सांप के काटने से एक 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जीएमसीएच अस्पताल में डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। यह घटना पूर्णिया के के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत काझा चौक पर हुई। राजेश कुमार की किराना दुकान पर उनके बेटे सत्यम कुमार को जहरीले सांप ने काट लिया था। परिजन उसे आनन-फानन में बाइक से अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। देर शाम सांप ने डंसा , इलाज के दौरान तोड़ा दम मृतक की पहचान काझा चौक निवासी राजेश कुंवर के 17 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। पड़ोसी चंदन कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर शाम सत्यम को सांप ने काटा था, जिसके बाद उसे तुरंत जीएमसीएच अस्पताल लाया गया। अस्पताल में इलाज कर रहे नर्सिंग स्टाफ दिवाकर ने बताया कि मरीज की जांच के बाद डॉक्टर द्वारा लिखे गए इंजेक्शन लगाए गए। उन्होंने कहा कि मरीज की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। आक्रोशित परिजनों ने की अस्पताल में धक्का-मुक्की सत्यम की मौत से आक्रोशित परिजनों ने जीएमसीएच के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की भी खबरें हैं। प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत हुई। परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही शव को अस्पताल से ले गए।


