कुडू |प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्थानीय विधायक सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव की अध्यक्षता में जनसुनवाई सह जनता दरबार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता व उप प्रमुख ऐनुल अंसारी ने बताया कि विधायक प्रखंड क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद करेंगे। वे उनकी तमाम समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान करेंगे। जनसुनवाई कार्यक्रम में लोग अपनी किसी भी तरह की समस्या रख सकते हैं। जैसे फसल बीमा का पैसा अटका होना, सुखाड़ राहत, अबुआ आवास, पीएम आवास, राशन कार्ड, पेंशन, मैया सम्मान योजना, दाखिल-खारिज, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र, बिजली-पानी-सड़क की समस्या, मनरेगा मजदूरी सहित किसी भी सरकारी कार्य से जुड़ी समस्या। इनका समाधान किया जाएगा। उप प्रमुख ऐनुल अंसारी ने प्रखंड क्षेत्र के सभी आमजनों से विनम्र अपील की है कि वे कल 11 बजे अपने आवेदन के साथ प्रखंड मुख्यालय पहुंचें। इस अवसर का लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य एवं सभी जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने पंचायत की समस्याओं को चिन्हित करें। आमजनों के साथ शिविर में पहुंचें। समाधान कराएं।
