![]()
पूर्णिया में 25 जुलाई को छात्र आंदोलन के दौरान पथराव-पुलिस लाठीचार्ज के बाद अब पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में 4 युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। हिरासत में लिए गए सभी युवकों को पूर्णिया के मुफस्सिल थाना में रखा गया है। पुलिस इन युवकों से घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है। पूर्णिया पुलिस के अनुसार, शिनाख्त के आधार पर आगे एफआईआर दर्ज की जाएगी। यह कार्रवाई आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा को लेकर की जा रही है। इंदिरा गांधी स्टेडियम से आरएन शाह चौक तक का घटनाक्रम
25 जुलाई को पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में छात्रों का एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया गया था। आंदोलन की गंभीरता और स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूर्णिया के जिलाधिकारी (DM) अंशुल कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शौर्य सुमन खुद स्टेडियम में छात्रों के बीच पहुंचे।
दोपहर तक समाप्त किया गया आंदोलन, फिर सड़कों पर निकली भीड़
अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनका ज्ञापन स्वीकार किया, जिसके बाद आधिकारिक रूप से आंदोलन समाप्त करा दिया गया और अधिकांश छात्र शांतिपूर्ण ढंग से अपने-अपने घर लौटने लगे।
हालांकि, आंदोलन खत्म होने के कुछ ही देर बाद छात्रों का एक झुंड अचानक सड़कों पर निकल आया और आरएन शाह चौक की ओर बढ़ने लगा। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और स्थिति तनावपूर्ण बन गई।
आरएन शाह चौक के पास भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पथराव में 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। समाहरणालय से पहले चली लाठी भीड़ समाहरणालय की ओर बढ़ने लगी, जिसे बैरिकेडिंग से सैंकड़ों पुलिस बल ने रोक रखा था। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना के दौरान पुलिस ने दर्जनों उपद्रवी छात्रों व युवकों को मौके से डिटेन (हिरासत में) किया था।
दिनभर चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने स्थिति की समीक्षा की। प्राथमिक पूछताछ और छानबीन के बाद शाम होते-होते डिटेन किए गए दर्जनों छात्रों को छोड़ दिया गया। हालांकि, घटना में संलिप्तता के संदेह में 4 युवकों को अभी भी पुलिस हिरासत में रखा गया है। सभी डिटेन लड़के मुफस्सिल थाना में हैं ।
शिनाख्त कर होगी प्राथमिकी दर्ज सदर एसडीपीओ-1 (SDPO) अभिनव परासर ने बताया कि फिलहाल इस मामले में FIR की विस्तृत रिपोर्ट तैयार नहीं की गई है। पुलिस सीसीटीवी (CCTV) और वीडियो फुटेज के जरिए उपद्रवियों की शिनाख्त कर रही है। शिनाख्त के आधार पर ही नामजद FIR दर्ज की जाएगी। फिलहाल 4 युवकों को डिटेन कर हिरासत में रखा गया है और जल्द ही इस मामले में शामिल अन्य सभी आरोपियों की सूची जारी की जाएगी।


