![]()
दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नरेंद्र मोदी को धार्मिक प्रतीकों के साथ दिखाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चालीसा भी पढ़ी गई। उनका एक कटआउट लगाया गया, जिसमें वह भगवान राम के रूप में दिख रहे थे। इसका वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। मामला बढ़ने के बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने बयान जारी कर रहा कि ये कार्यक्रम क्लब की ओर से आयोजित नहीं किया गया था। एक बाहरी संगठन ने परिसर का हॉल पीसी का बोलकर किराए पर लिया था। जो वीडियो सामने आया है उसमें एक बड़े कटआउट के सामने धार्मिक तरीके से पूजा-अर्चना करते हुए लोग दिख रहे हैं। कटआउट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान श्रीराम के स्वरूप में प्रदर्शित किया गया है। कटआउट के सामने दीये जलाकर आरती उतारते हुए लोग भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में ‘जय-जय मोदी, हर-हर मोदी’ जैसे नारे लगाए जा रहे हैं। इसी दौरान ‘मोदी चालीसा’ नाम की एक पुस्तिका का विमोचन और उसका सामूहिक पाठ भी किया गया है। सबसे पहले देखें आयोजन की तस्वीरें… ‘मोदी चालीसा’ के पाठ को लेकर विवाद विवाद की सबसे बड़ी वजह प्रधानमंत्री के नाम पर ‘मोदी चालीसा’ का पाठ बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए कि धार्मिक स्वरूप वाले आयोजन में एक जीवित राजनीतिक नेता को धार्मिक प्रतीकों से जोड़ना उचित है या नहीं। आलोचकों ने इसे राजनीतिक व्यक्तित्व पूजा और अंधभक्ति से जोड़ते हुए इसकी आलोचना की है। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि प्रेस क्लब जैसे पत्रकारों के महत्वपूर्ण संस्थान के परिसर में इस तरह की धार्मिक और राजनीतिक गतिविधि कैसे आयोजित हुई। बिहार किन्नर कल्याण बोर्ड की ओर से आयोजन ये आयोजन बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड की ओर से किया गया है। इसके सदस्य डॉ. राजन सिंह (ट्रांसजेंडर) की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। इसमें लिखा है, कार्यक्रम में किन्नर समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान श्रीराम का अवतार बताते हुए उनके नाम पर प्रस्तावित भव्य मंदिर को लेकर अपनी बात रखी। ‘किन्नर समुदाय हर गुरुवार को पीएम मोदी चालीसा करेंगे’ डॉ. राजन सिंह ने कहा, बिहार के पटना में जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर भव्य मंदिर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। बिहार सरकार की ओर से मंदिर निर्माण के लिए 5 एकड़ भूमि आवंटित की जाएगी। 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होगा। जब तक मंदिर निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक किन्नर समुदाय के लोग हर गुरुवार को भगवान नरेंद्र मोदी की चालीसा का पाठ करेंगे। कार्यक्रम में किन्नर महामंडलेश्वर श्री वैष्णवी किन्नर सेन विलियम्स ट्रांसजेंडर और नमः भारत समेत किन्नर समुदाय के कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान ‘ॐ नरेंद्र मोदी नमः’ मंत्र का जाप किया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूजा-अर्चना के साथ भव्य आरती भी की गई। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने कार्यक्रम को रुकवाया विवाद बढ़ने के बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने कहा कि वायरल वीडियो में दिख रहा कार्यक्रम प्रेस क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित नहीं किया गया था। क्लब के मुताबिक, एक बाहरी संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के उद्देश्य से परिसर का हॉल किराए पर लिया था। लेकिन कार्यक्रम के दौरान किराए की शर्तों का उल्लंघन करते हुए धार्मिक और राजनीतिक गतिविधियां शुरू कर दी गईं। प्रेस क्लब प्रबंधन ने दावा किया कि जैसे ही उसे इस गतिविधि की जानकारी हुई, क्लब के अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। प्रबंधन के अनुसार, कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया गया। क्लब ने यह भी स्पष्ट किया कि परिसर को किसी कार्यक्रम के लिए किराये पर दिया जाना उस कार्यक्रम की विषय-वस्तु या गतिविधियों के समर्थन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। क्लब प्रबंधन की ओर से नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
