![]()
शिवहर में शिक्षा विभाग के नए प्रशासनिक केंद्र ‘शिक्षा भवन’ को पूरी तरह कार्यशील बनाने के लिए जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने शुक्रवार को सख्त निर्देश दिए। नवाब उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित नवनिर्मित शिक्षा भवन के निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधूरे फिनिशिंग कार्य, गंदे फर्नीचर, अव्यवस्थित रिकॉर्ड, बिजली व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी कमियों पर नाराजगी व्यक्त की। भवन का कार्य समय-सीमा में पूरा किया जाए डीएम ने शिक्षा भवन के प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मीटिंग हॉल, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) के कक्षों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन का प्रत्येक कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान शौचालयों और बेसिन की अधूरी फिनिशिंग पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। कार्यालयों में धूल से ढके फर्नीचर पर भी डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। बिजली-ट्रांसफार्मर से जुड़े मामलों का समाधान करें प्रशासनिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए सभी फाइलों और दस्तावेजों को रिकॉर्ड रूम में वैज्ञानिक तरीके से रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, भवन में बिजली और ट्रांसफार्मर से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु कार्यपालक अभियंता (विद्युत) को तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। भवन और विद्यालय परिसर की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने शेष बाउंड्री वॉल के निर्माण का प्रस्ताव अविलंब तैयार करने तथा मुख्य गेट लगाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य परिसर को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है। निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अभियंता, सदर अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने स्पष्ट किया कि शिक्षा भवन के किसी भी कार्य में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि यह भवन जल्द ही शिक्षा विभाग के संचालन का पूर्ण क्षमता वाला केंद्र बन सके।

