Friday, July 24, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

फुसरो-जैनामोड़ मार्ग पर सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत


भास्कर न्यूज | तुपकाडीह फुसरो-जैनामोड़ मुख्य मार्ग पर गुरुवार अहले सुबह बालीडीह ओपी क्षेत्र के तुपकाडीह स्थित मानगो चौक के कलाली मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान केवट टोला निवासी 60 वर्षीय नकुल महली के रूप में हुई है। घटना के बाद पत्नी समेत परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार नकुल महली किसी निजी काम से साइकिल से जैनामोड़ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने फुसरो-जैनामोड़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर बालीडीह ओपी प्रभारी आनंद आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को हिट एंड रन योजना सहित अन्य सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम हटाया। फुसरो-जैनामोड़ मुख्य मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं में कई लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि कई गंभीर रूप से घायल होकर दिव्यांगता का शिकार हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की जर्जर हालत हादसों की सबसे बड़ी वजह है। मुख्य मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। ऐसे में छोटे और बड़े वाहन चालक गड्ढों से बचने के लिए अचानक वाहन इधर-उधर मोड़ देते हैं, जिससे राहगीर, साइकिल सवार और बाइक चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं। जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच इस मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी 2025 में फुसरो हिंदुस्तान पुल के पास वाहन की टक्कर से तीन बाइक सवार घायल हो गए थे। इनमें पेटरवार थाना क्षेत्र के पिछरी दक्षिणी पंचायत अंतर्गत पिपराटांड़ निवासी मोती मांझी के 22 वर्षीय पुत्र शिवदयाल हेंब्रम की मौत हो गई थी। वहीं, 14 जनवरी को तुपकाडीह मानगो चौक पर पिकअप वैन की टक्कर से तुपकाडीह निवासी फिरोज हसन के 14 वर्षीय पुत्र फहरान फिरोज हसन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके अलावा जरीडीह थाना क्षेत्र के तांतरी मेन रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास सरिया लदे वाहन की चपेट में आने से मानगो तांतरी निवासी 26 वर्षीय मिथलेश रजक की भी जान चली गई थी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles